Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 1 Oct 2022 4:00 pm IST

राजनीति

अध्यक्ष पद की रेस में कांग्रेस नेता खरगे, शशि थरूर और के.एन. त्रिपाठी, थरुर बोले- बदलाव चाहिए तो मुझे चुने


कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे, शशि थरूर और केएन त्रिपाठी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भर चुके हैं। अभी तक यह मुकाबला त्रिकोणीय बना हुआ है। लेकिन असली लड़ाई खरगे और थरूर के बीच ही मानी जा रही है।

इस बीच खरगे को चुनौती देने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा है कि, अगर कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी की कार्यशैली में बदलाव लाना चाहते हैं तो वे मुझे वोट दें। 

उन्होंने कहा, अभी सारे निर्णय दिल्ली में हो रहे हैं। मैं इसे बदलना चाहता हूं। जब तक ग्राउंड रूट लेवल पर कार्यकर्ता को ताकत नहीं मिलेगी, तब तक बदलाव नहीं होगा। खरगे के सवाल पर थरूर ने कहा, यह जंग नहीं है। युद्ध नहीं है। हम पुराने सहयोगी हैं। लोकसभा में हमने एक साथ काम किया है। चुनाव के बाद में भी हम एक साथ का करेंगे। 

थरुर ने आगे कहा कि, हम भले ही चुनाव लड़ रहे हों, लेकिन कांग्रेस पार्टी का जनता के लिए जो संदेश है, पार्टी की जो विचारधारा है उसमें कोई बदलाव नहीं होगा। हमारे काम करने के तरीके में जरूर बदलाव होगा। उन्होंने कहा, अध्यक्ष कौन बनेगा, यह कार्यकर्ताओं को ही तय करने दें। अगर सबको लगता है कि, पार्टी सही तरीके से काम कर रही है तो खरगे साहब को ही वोट दें।