जबलपुर: जबलपुर में एआरटीओ के 10,000 वर्गफीट के महल
जैसे मकान में ऐश-ओ-आराम के तमाम इंतजाम मिले हैं। ईओडब्ल्यू की टीम को ARTO संतोष पाल और
उनकी क्लर्क पत्नी रेखा पाल के पास से जो संपत्ति मिली है, वह उनकी आय से 650 फीसदी ज्यादा है। इनके दस्तावेज और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही
है।
जानकारी के अनुसार, ARTO संतोष पाल को
छापे की भनक पहले ही लग चुकी थी। इस वजह से वह कुछ लग्जरी सामान दूसरी जगह शिफ्ट
कर रहा था। ऐसे में EOW की 30 सदस्यों की टीम
को देर रात ही कार्रवाई करनी पड़ी। टीम यह जानकारी जुटा रही है कि कौन सा सामान
कहां भेजा गया है। बुधवार देर रात जब टीम छापा मारने पहुंची तो संतोष पाल तो घर पर
मौजूद थे, लेकिन उसकी पत्नी
रेखा नहीं मिली। रेखा एआरटीओ ऑफिस में ही
क्लर्क है।
अभी तक मिली ये संपत्ति
इसके बाद EOW की टीम ने संतोष पाल की संपत्तियों की छानबीन शुरू की। इसमें 16 लाख रुपये नकद
और सोने व चांदी के जेवर मिले। एआरटीओ के शताब्दीपुरम
स्थित घर में बेसमेंट के अलावा तीन माले भी हैं। उसके बैंक लॉकर और बैंक खातों के
बारे में भी खुलासा हो सकता है। अभी तक की छानबीन में ग्वारीघाट में
पीपी कॉलोनी में 1,247 वर्गफीट का मकान, शंकरशाह वार्ड
में 1,150 वर्गफीट का मकान, शताब्दीपुरम
एमआर 4 रोड में दो मकान कुल 10 हजार वर्गफीट में, कस्तूरबा गांधी
वार्ड में 570 वर्गफीट का मकान, गढ़ा फाटक में
771 वर्गफीट का मकान, चरंगवा रोड
स्थित ढीमरखेड़ा में फार्म हाउस 1.4 एकड़ में, कार आई 20, स्कॉर्पियो, पल्सर बाइक और बुलेट पकड़ी गई है।