चीन की 'जीरो कोविड पॉलिसी' और सरकार के खिलाफ लोगों का गुस्सा तेज होता जा रहा है। प्रदर्शनकारी बीजिंग, शंघाई और वुहान जैसे बड़े शहरों की सड़कों पर उतर चुके हैं।
वहीं इस विरोध प्रदर्शन के बीच एक खास चीज ने देश और विदेश में लोगों का ध्यान खींचा है। वह है- 'कोरा कागज।' यह कोरा कागज चीन के कई शहरों में हो रहे प्रदर्शन का मुख्य प्रतीक बन चुका है। हजारों लोग हाथों में एक ब्लैंक कागज के टुकड़े को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
बताते चलें कि, बीते दिनों चीन के शिनजियांग की राजधानी उरुमकी में 21 मंजिला इमारत में आग लग गई थी। इस हादसे में 10 लोग जिंदा जल गए थे, और नौ घायल हुए थे। जिस समय यह हादसा हुआ उरुमकी में कोरोना संक्रमण के कारण लॉकडाउन लगा हुआ था। इसलिए यहां राहत कार्य पहुंचाने में देरी हुई, जिस कारण इतना बड़ा हादसा हो गया था।
इससे गुस्साए लोग सड़क पर उतर आए और 'जीरो कोविड पॉलिसी' और जिनपिंग सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते शिनजियांग से शुरू हुआ यह प्रदर्शन बीजिंग, शंघाई, वुहान, चेंगदू और शियान पहुंच गया।