चार सूत्रीय मांगों को लेकर राजस्व कर्मी सरकार के विरोध में सड़क पर उतर आए हैं। कर्मियों ने अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू कर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया और अनदेखी का आरोप लगाया। कहा लंबे समय से वे अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं, लेकिन गंभीरता नहीं दिखाई जा रही।
गुरुवार को पर्वतीय राजस्व निरीक्षक, राजस्व उपनिरीक्षक एवं राजस्व सेवक संघ के जिलाध्यक्ष विजय पंत, महासचिव सूर्यप्रकाश पांडेय के नेतृत्व में कर्मी टकाना स्थित रामलीला मैदान में एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने राजस्व निरीक्षक व रजिस्ट्रार कानूनगो के पदों का एकीकरण करने पर नाराजगी जताई। कहा संगठन की आपसी सहमति के आपत्ति के बाद भी एकीकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया। उन्होंने 16वें बैच के राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण व राजस्व निरीक्षक क्षेत्रों के पुनर्गठन पर कार्रवाई न होने और समान कार्य के लिए समान वेतन दिए जाने, सम्वर्गीय कर्मियों को उच्चीकृत वेतनमान का लाभ दिए जाने की मांग उठाई है।