Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 8 Dec 2021 5:36 pm IST

जन-समस्या

पिथौरागढ़ पहुंचने के लिए बनाया लकड़ी का पुल


पिथौरागढ़ जनपद पहुंचने के लिए बागेश्वर के आठ गांव के लोगों ने मिलकर रामगंगा नदी पर लकड़ी का कच्चा पुल तैयार कर लिया है। मंगलवार से पुल पर आवागमन शुरू हो गया है। पुल के अभाव में अभी तक ग्रामीण गरारी के जरिये आवागमन कर रहे थे।

बागेश्वर जनपद के गांवों को पिथौरागढ़ से जोड़ने के लिए नाचनी कस्बे में लोहे का पक्का पुल 2018 की आपदा में ध्वस्त हो गया था। तब से पुल का निर्माण नहीं हुआ। लोक निर्माण विभाग ने दोनों जिलों को जोड़ने के लिए रामगंगा नदी के ऊपर गरारी लगा दी। आठ गांवों के 150 से अधिक बच्चों के साथ ही सामान आदि खरीदने के लिए लोग इसी गरारी से नाचनी तक पहुंच रहे थे। गरारी से गिरने के कारण पिछले वर्ष एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। मानसून काल में गरारी से आवागमन बागेश्वर जनपद के ग्रामीणों की मजबूरी है। मानसून काल बीतने के बाद ग्रामीण हर वर्ष श्रमदान कर नदी पर लकड़ी का कच्चा पुल तैयार करते हैं, जिससे अप्रैल तक आवागमन होता है। मई से नदी का जल स्तर बढ़ जाने के बाद पुल नदी की भेंट चढ़ जाता है। यही स्थिति पिछले तीन वर्षो से चली आ रही है।