Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 2 Jul 2022 4:37 pm IST


यमुनोत्री हाईवे पर साढ़े चार घंटे बाद यातायात सुचारु


उत्तरकाशी : यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बड़कोट से आगे किसाला-खनेड़ा के पास चट्टान दरकने के कारण करीब साढ़े चार घंटे यातायात के लिए ठप रहा। इसके चलते यमुनोत्री धाम जाने वाले तीर्थयात्री और स्थानीय लोग मार्ग के दोनों ओर जाम में फंसे रहे।उत्तरकाशी जिले में बीती शुक्रवार रात से रुक-रुककर रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश के कारण शनिवार की सुबह यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग चट्टान दरकने के कारण किसाला के पास अवरुद्ध हो गया था। यहां सुबह करीब 7 बजे भारी मात्रा में मलबा आने से मार्ग बंद हुआ। बंद की सूचना मिलने पर सुबह एनएच बड़कोट की मशीनरी मौके पर हाईवे को खोलने में जुट गई थी। दोपहर साढ़े 11 बजे तक करीब साढ़े चार घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात चालू हुआ। हाईवे खुलने पर यमुनोत्री धाम जाने व दर्शन कर वापस लौटने वाले तीर्थयात्रियों ने राहत की सांस ली। हालांकि किसाला में बारिश के बीच भूस्खलन से मार्ग बंद होने की आशंका लगातार बनी है।