Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 8 Apr 2023 10:43 am IST


कांग्रेस के सत्याग्रह में बोले नेता- बीजेपी ने की लोकतंत्र की हत्या, प्रदेश के मुख्यमंत्री अनुभवहीन


लमगड़ा विकास खंड में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह आन्दोलन में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए. केंद्र सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया गया और प्रदेश के मुख्यमंत्री धामी को अनुभवहीन मुख्यमंत्री बताया गया.कांग्रेस का सत्याग्रह: ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लमगड़ा की ओर से लमगड़ा बाजार में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल करने की मांग की गई. कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि वर्तमान में देश बहुत बड़े राजनैतिक संक्रमण से गुजर रहा है. लोकतंत्र की आस्था में जिस देश को लम्बे संघर्ष एवं बलिदान से आजादी मिली थी, आज उन्हीं सिद्धांतों को नष्ट करने का कार्य केन्द्र की सरकार कर रही है.संविधान के मूल उद्देश्य के साथ आम व्यक्ति की अभिव्यक्ति पर चोट पहुँचाने का कृत्य हो रहा है. कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा देश की वर्तमान हालात का रिपोर्ट कार्ड था, जिससे केन्द्र की सरकार घबरा गयी है. देश के संवैधानिक अधिकारों पर चोट पहुंचायी जायेगी तो कांग्रेस पार्टी उसका डटकर मुकाबला करेगी. पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल ने कहा कि केन्द्र की सरकार ने देश में पिछले नौ सालों से अघोषित आपाताकाल लगाया हुआ है.