बागेश्वर: उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण मजदूर संघ ने मजदूरों के पंजीकरण में नामित का नाम सही तरीके से दर्ज कराने की मांग की है। साथ ही डाटा इंट्री ऑपरेटरों पर पंजीकरण कार्ड में छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी को दिए ज्ञापन में संघ के प्रांतीय अध्यक्ष गणेश सिंह बोरा ने कहा है कि पंजीकृत श्रमिकों के पंजीकरण में उनके परिवार के नामितों का विवरण अपूर्ण है। इससे भविष्य में विभिन्न प्रकार की समस्याओं के उत्पन्न होने की संभावना है। आरोप लगाया कि श्रम विभाग के लिपिक, डाटा इंटी ऑपरेटर अपनी मर्जी से किसी भी श्रमिक के पारिवारिक विवरण से छेड़छाड़ कर केवल दो ही नामितों का विवरण पंजीकरण में दर्शा रहे हैं जो नियम के खिलाफ है। कहा कि इससे भविष्य में कई समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने सभी श्रमिकों के पंजीकरण में पूर्ण पारिवारिक विवरण अंकित किए जाने की मांग की है।