Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 15 Apr 2022 6:35 pm IST


तेंदुए ने बनाया निवाला


खेत में गेहूं की कटाई कर रहे मजदूर पर तेंदुए ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मजदूर को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  ग्राम कासमपुर निवासी शीशराम (42) पुत्र फूल सिंह सुबह पत्नी आशा देवी, बेटी निशा और बेटे योगेश कुमार के साथ आबादी से कुछ दूरी पर गांव के ही संजय चौहान के खेत में फसल काटने गया था।अचानक वहां तेंदुआ शीशराम पर झपट पड़ा। तेंदुआ शीशराम को खींचते हुए दूसरे खेत में ले गया। चीख पुकार पर परिवार के सदस्य उसे बचाने के लिए दौड़े। इसके बाद तेंदुआ शीशराम को छोड़कर भाग गया। परिजनों का शोर सुनकर ग्रामीण भी खेत में पहुंचे। उसे तुरंत निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।बाद में परिजन सरकारी अस्पताल भी ले गए जहां ईएमओ डॉ. नरेश ने बताया कि उसकी सांसें थम चुकी हैं। डॉ. नरेश ने बताया कि शीशराम के गले पर तेंदुए के दांतों के निशान नहीं थे। नाक-मुंह से खून निकल रहा था। गले की हड्डी टूटने और दिमाग की नस फटने से मौत हुई है।