रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, महात्मा गांधी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही ऐसे नेता है, जिन्होंने जनता की भावनाओं को समझा, पीएम मोदी लोगों से सीधे जुड़ते हैं और बदले में उन्हें लोगों का विश्वास हासिल होता है।
राजनाथ सिंह ने ‘द आर्किटेक्ट ऑफ द न्यू बीजेपी : हाऊ नरेंद्र मोदी ट्रांसफार्म्ड द पार्टी’ किताब का विमोचन किया। इस अवसर पर रक्षामंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, कुछ लोग पीएम मोदी की काट खोज रहे हैं, लेकिन उन्हें मिल नहीं रही है। रक्षा मंत्री ने राजनीतिक विश्लेषकों का हवाला देते हुए कि, उनका मानना है कि 2029 के बाद ही उन्हें इस बारे में सोचना चाहिए। मोदी ने पार्टी का विस्तार केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं किया। बल्कि वह विचारधारा के फैलाव और देश की सोच में बदलाव के लिए ऐसा करते हैं।
उन्होंने कहा कि सांगठनिक क्षमता, जनता से जुड़ाव और उनकी मुश्किलों की जमीनी समझ की वजह से पीएम दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे हैं। जनता से जुड़े रहिए, सफलता आपके कदम चूमेगी... यही प्रधानमंत्री मोदी का मूलमंत्र है। मोदी का जनता से एक भावनात्मक रिश्ता बन गया है। उनके प्रधानमंत्री बनने से पहले देश में कुछ राज्यों में राजग की सरकार थी। आज जिसका विस्तार 16 राज्यों तक हो गया है। इस समय पूरे देश में 1300 से ज्यादा विधायक और 400 से ज्यादा भाजपा के सांसद हैं।