भरतपुर: राजस्थान के भरतपुर में भाजपा नेता कृपाल जघीना हत्याकांड के आरोपी की बुधवार दोपहर को दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। ये घटना अमोली टोल प्लाजा के पास की है। पुलिस बस से आरोपी कुलदीप जघीना और उसके साथी विजयपाल को पेशी के लिए भरतपुर कोर्ट ले जाया जा रहा था। बस जब अमोली टोल प्लाजा पर रुकी तो वहां मौजूद दो बदमाश बस में चढ़ गए।
इसके बाद दोनों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च डाल दी। फिर लगभग 15 राउंड फायर करके कुलदीप की हत्या कर दी। इसमें विजयपाल घायल है। दोनों आरोपी सेंट्रल जेल में बंद थे। इस गोलीकांड में दो पैसेंजर को भी गोली लगी है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि इन्हें लेकर चालानी गार्ड आ रहे थे। टोल के फुटेज पुलिस ने बरामद कर आरोपियों की पहचान कर ली है। बदमाशों की गाड़ी बरामद कर ली है। विजयपाल की हालत नाजुक है।
जमीन विवाद में गई थी कृपाल जघीना की हत्या
भरतपुर में 4 सितंबर, 2022 को भाजपा नेता कृपाल जघीना की हत्या की गई थी। बदमाश तीन
बाइक और दो कारों में सवार होकर आए थे। इस मामले में कुलदीप जघीना और उसका साथी
विजयपाल आरोपी बनाया गया था। पुलिस के अनुसार, हत्या जमीनी विवाद के चलते की गई थी। 48 वर्षीय कृपाल
जघीना जमीन कारोबारी थे। उनके खिलाफ 15 केस दर्ज थे। वे रेलवे सलाहकार समिति के
सदस्य भी थे। हिंदूवादी संगठनों से जुड़ाव था। भाजपा सांसद के करीबी भी थे। उनकी बेटी
एबीवीपी से कॉलेज की अध्यक्ष रह चुकी थी।