Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 1 Oct 2021 11:07 am IST


नृसिंह मंदिर मार्ग का 30 मीटर हिस्सा धसा, आवाजाही रोकी


 जोशीमठ: बदरीनाथ व हेमकुंड साहिब के यात्रियों की आवाजाही का प्रमुख मार्ग नृसिंह मोटर मार्ग का 30 मीटर हिस्सा धस गया, जिसके बाद इस सड़क से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। बाजार से ही यात्री वाहनों की आवाजाही कराए जाने से जाम लग रहा है। स्थानीय निवासियों ने सड़क धसने के बाद भी अधिकारियों के मौके पर न पहुंचने पर नाराजगी जताई है। लगातार हो रही बारिश के बाद नृसिंह मंदिर मार्ग पर 30 मीटर क्षेत्र में सड़क धस गई। जोशीमठ में नरसिंह मंदिर बाईपास सड़क बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब को जोड़ती है। अचानक सड़क के धसने से यातायात ठप हो गया है। हालात इतने ज्यादा खराब हैं कि अगर जल्द से जल्द मार्ग नहीं खोला गया, तो जोशीमठ नगर क्षेत्र के नीचे से भारी भूस्खलन हो सकता है। इससे जोशीमठ नगर भी खतरे की जद में आ सकता है। घटनास्थल पर पहुंचे नरसिंह मंदिर वार्ड के सभासद गौरव नंबूरी, डाडों वार्ड के सभासद अमित सती, भाजपा के नगर महामंत्री प्रवेश डिमरी ने लोक निर्माण विभाग से जल्द से जल्द मार्ग को सुचारू करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द से जल्द मार्ग नहीं खुलता है तो इससे बदरीनाथ और हेमकुंड जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं जोशीमठ के निचले इलाके में भूस्खलन का भी खतरा बन जाएगा। इससे जोशीमठ नगर को भी खतरा हो सकता है। घटनास्थल पर अधिकारियों के न पहुंचने पर सभासदों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए विभाग की लापरवाही की निदा की है।