Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 29 Apr 2022 11:15 am IST


रिहायशी इलाके तक पहुंची जंगल की आग, चारों ओर अफरा तफरी


पौड़ी: जंगलों की आग बेकाबू होती जा रही है। आग अब सिविल जंगलों से होते हुए रिहायशी इलाकों तक पहुंच जा रही है। गुरुवार को जंगल की आग इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी के परिसर तक पहुंच गई। फायर बिग्रेड को आग पर काबू पाने के लिए बुलाना पड़ा। गुरुवार को पौड़ी के सिविल और आरक्षित वनों क्षेत्र को मिलाकर करीब आधा दर्जन से अधिक हिस्सों में जंगल आग से धधकते रहे। घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज सिविल सोयम की श्रीनगर रेंज के अंतर्गत आता है। बेकाबू आग दोपहर करीब 11.30 बजे जंगल से होते हुए कॉलेज के रुद्रा छात्रावास और टाइप-टू आवासों तक पहुंच गई थी। जिस पर इस आग पर काबू पाने के लिए पौड़ी से फायर बिग्रेड को बुलाना पड़ा। फायर बिग्रेड ने कड़ी मशक्कत के के बाद यहां आग पर काबू पाया। आग बुझाने में करीब चार घंटे लग गए। वहीं मौके पर वन महकमे की टीम के साथ ही डीएफओ सिविल सोहन लाल भी मौजूद रहे।