Read in App


• Sat, 26 Dec 2020 12:29 pm IST


किसानों का आर्थिक स्थिति सुधारने में मोदी सरकार कर रही प्रयास: मुन्ना सिंह चौहान


भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसान सम्मान निधि जारी करने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने किसानों को कृषि कानूनों के लाभ की भी विस्तार से जानकारी दी।

विकासखंड विकासनगर के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुन्ना चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार किसानों को सहायता पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसान सम्मान निधि की शुरुआत करके छोटे से छोटे किसान को मदद पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों की दशा सुधारने व उनकी फसलों का सही मूल्य दिलाने के लिए हाल के दिनों में तीन कृषि कानून लाई है।

जिनसे किसानों को व्यापक स्तर पर लाभ मिलेगा। कहा कि कुछ राजनीतिक दल अपने राजनीतिक उद्देश्यों को पूरा करने के लिए किसानों को बरगलाने का काम कर रहे हैं। लेकिन धीरे-धीरे किसान उनकी इस साजिश को समझ रहे हैं। कई किसान संगठन कृषि कानूनों के समर्थन में सामने आए हैं लेकिन अभी भी कुछ किसान धरना दे रहे हैं। धरनारत किसानों से सरकार निरंतर बात कर रही है।