Read in App


• Fri, 26 Jul 2024 3:30 pm IST


सड़़क किनारे बने धार्मिक स्थल की मरम्मत पर भड़के हिंदूवादी संगठन, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप


नैनीताल : हल्द्वानी के काठगोदाम क्षेत्र में सड़़क किनारे समुदाय विशेष के धार्मिक स्थल की मरम्मत पर हिंदूवादी संगठन के लोग भड़क गए। उन्होंने प्रशासन पर समुदाय विशेष के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने हिंदूवादी संगठनों से वार्ता कर मौके पर यथास्थिति बनाने के निर्देश दिए।

काठगोदाम नरीमन चौराहे से रेलवे स्टेशन तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान रेलवे की चाहरदीवारी को तोड़ा था। इस दौरान रेलवे कॉलोनी की ओर मजार नजर आई जो झाड़ियों से छुपी हुई थी। मजार का कुछ हिस्सा चौड़ीकरण की जद में आ रहा था। पिछले दिनों प्रशासन ने मजार के उस हिस्से को तुड़वा दिया था। तोड़फोड़ के दौरान मजार का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। बृहस्पतिवार को समुदाय विशेष के लोग मौके पर क्षतिग्रस्त मजार की मरम्मत कर रहे थे। मामले की जानकारी हिंदूवादी संगठनों को हो गई। शाम चार बजे हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोग मौके पर जमा हो गए और नारेबाजी करने लगे। लोगों का आरोप था कि वर्षों पुरानी मजार को प्रशासन न केवल नया रूप दे रहा है बल्कि धार्मिक स्थल की लंबाई-चौड़ाई भी बढ़ा दी है।

इसे लेकर तीन घंटे तक हंगामा और नारेबाजी होती रही। काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन लोगों का गुस्सा देख पुलिस बैकफुट पर रही। प्रशासन-पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दूसरे थानों से भी फोर्स बुलाई गई। रेलवे कॉलोनी के लोगों का कहना था कि उन्होंने इस मजार में कभी किसी को आते-जाते नहीं देखा है। भाजपा नेता सचिन साह समेत अन्य लोगों का आरोप था कि प्रशासन मजार को नया रूप दे रहा है। इसी दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम परितोष वर्मा, तहसीलदार सचिन कुमार, एसपी सिटी प्रकाश चंद्र, सीओ नितिन लोहनी समेत कई अधिकारी पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। वार्ता के बाद अधिकारियों ने मौके पर यथास्थिति बनाने के निर्देश दिए। तब जाकर हंगामा शांत हुआ।