रुद्रपुर। बढ़ती महंगाई के खिलाफ शुक्रवार को महिला कांग्रेस कमेटी ने रुद्रपुर में जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई ने मध्यम वर्ग की कमर तोड़कर रख दी है। सरकार हर मोर्चे पर विफल है। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की प्रभारी परमिंदर कौर और वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीना शर्मा की अगुवाई में रुद्रपुर गल्ला मंडी में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एकत्र हुईं। यहां उन्होंने रुद्रपुर बाजार होते हुए बाटा चौक तक जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदेश प्रभारी परमिंदर कौर ने कहा है कि महंगाई से आम जनता त्रस्त है। दावा किया कि महिलाएं विधानसभा चुनाव में एतिहासिक बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगीं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि जनता को एक बार फिर कांग्रेस से उम्मीद है। जनता भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकना चाहती है। पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलकराज बेहड़ और कांग्रेस नगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा ने भी जुलूस में शिरकत की। वहां ममता रानी, हरमीत कौर, पार्षद बबीता बैरागी, प्रीति साना, मोनिका डाली, मालती मोरिया,नीलिमा विश्वास, बकुल साना, सुनीता कश्यप, मंजू जैन, बिटोला देवी, रामा देवी आदि थे।