Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 8 Jan 2023 12:30 pm IST


कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने लिया जोशीमठ घटना का संज्ञान, राहुल-प्रियंका ने जताई चिंता


चमोली : जोशीमठ में भू-धंसाव की घटना का कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व ने भी संज्ञान लिया है। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि जोशीमठ से आ रही तस्वीरें अत्यंत भयावह हैं, जिन्हें देखकर वह काफी विचलित हैं। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से मौके पर पहुंचकर लोगों को राहत पहुंचाने की अपील की है।ट्वीट में राहुल गांधी ने कहा कि जोशीमठ में घरों में चौड़ी दरारें, पानी का रिसाव, जमीन का फटना और सड़कों का धंसना बेहद चिंताजनक है। हादसे में भूस्खलन से भगवती मंदिर तक ढह गया। प्रकृति के विरुद्ध जाकर पहाड़ों पर लगातार खुदाई और अनियोजित निर्माण से आज जोशीमठ के लोगों पर भयानक संकट टूट पड़ा है। इस कड़कड़ाती ठंड में इस आपदा ने लोगों से उनके आशियाने छीन लिए हैं। उन्होंने उत्तराखंड कांग्रेस से अपील की कि वह जल्द से जल्द आपदाग्रस्त लोगों के बीच पहुंचकर उनकी मदद करें। उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं। कहा, उत्तराखंड सरकार से भी अपेक्षा है कि वह समय पर नीतिगत निर्णय लेकर लोगों को राहत पहुंचाए। इधर, पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लोगों की मदद की अपील की है।