Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 22 Sep 2021 6:05 pm IST

राजनीति

सरकार बनी तो रोजगार पर रहेगा जोर - गणेश गोदियाल


कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि परिवर्तन यात्रा का तीसरा चरण 10-12 दिन बाद शुरू किया जाएगा। दो-तीन दिन में कार्यक्रम तय होगा। तीसरा चरण गढ़वाल या कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्र में होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी दूर करना कांग्रेस का शीर्ष एजेंडा रहेगा। सरकार बनने पर कांग्रेस अगले पांच साल रोजगार मुहैया कराने पर सबसे ज्यादा जोर देगी।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में गणेश गोदियाल ने हरिद्वार में हुए परिवर्तन यात्रा के दूसरे चरण को पहले चरण से ज्यादा कामयाब करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवा भाजपा सरकार के बेरुखी के रवैये को समझ चुके हैं। पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बेरोजगारी नियंत्रण में थी। अब उत्तराखंड बेरोजगारी के मामले में देश में दूसरे स्थान पर है।उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्र में शुरू होने जा रहे परिवर्तन यात्रा के तीसरे चरण के कार्यक्रम को तय करने में बरसात और सड़कों की स्थिति की अहम भूमिका होगी। जिन क्षेत्रों में सड़कें दुरुस्त होंगी, वहां परिवर्तन यात्रा पहले निकालने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2022 में कांग्रेस प्रदेश की सत्ता में वापसी करेगी।