हरिद्वार। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एसपी सिंह इंजीनियर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार व विधायक भाजपा का होने के बावजूद ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र की जनता आज भी विकास के लिए तरस रही है। प्रैस को जारी बयान में एसपी सिंह इंजीनियर ने कहा कि विधायक की उपेक्षा के चलते विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। सड़कों का बुरा हाल है। कांग्रेस शासन में बनी सड़कों व पुलों की मरम्मत तक नहीं हुई। कांग्रेस शासन में क्षेत्र में 13 पुलों का निर्माण कराया गया था। इसके बाद कोई विकास क्षेत्र में नहीं हुआ। जिससे लोगों का भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। शिक्षा व चिकित्सा व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। क्षेत्र में स्कूल, कालेज नहीं होने के कारण युवाओं को पढ़ाई के मीलों दूर शहरी क्षेत्र में जाना पड़ता है। सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए भी लोगों को हरिद्वार, रूड़की या पड़ोसी राज्य के जनपद सहारनपुर दौड़ना पड़ता है। एसपी सिंह ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के जंगल आयुर्वेद का खजाना हैं। जोकि युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा माध्यम बन सकता है। जंगलों में पर्यटन के साधन विकसित किए जाते तो युवाओं को रोजगार मिलता। लेकिन भाजपा विधायक ने इस और कोई ध्यान नहीं दिया।