Read in App


• Tue, 29 Dec 2020 1:01 pm IST


लाटरी निकाल कर तय होगा पहले कहां लगेगी स्ट्रीट लाइट


देहरादून। शहर के नए 32 वार्डों में एलईडी स्ट्रीट लाइटें पहले किस वार्ड में लगेंगी, इसका चुनाव अब लॉटरी के माध्यम से निकाला जाएगा। दरअसल, लाइटें पहले अपने वार्ड में लगवाने को लेकर पार्षदों में खींचतान मची हुई है। इससे परेशान कंपनी प्रबंधन ने महापौर सुनील उनियाल गामा से शिकायत की। महापौर गामा ने इसके लिए फार्मूला निकालते हुए सभी 32 वार्ड के पार्षदों को बुलाने के निर्देश दिए। महापौर के अनुसार अब लॉटरी के जरिये तय किया जाएगा कि लाइट लगाने का शेड्यूल क्या होगा। नगर निगम की ओर से शहर के नए 32 वार्डों में 65 हजार नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने का अनुबंध कंपनी से किया गया है। इसी कंपनी की ओर से पुराने वार्डों में 46 हजार लाइटें लगाई गई हैं। बता दें कि दून नगर निगम में पहले 60 वार्ड थे, लेकिन अप्रैल-2018 में सरकार ने शहर से सटी 72 ग्राम सभाओं का नगर निगम में विलय कर दिया। इसके बाद वार्डों की संख्या सौ हो गई। हालांकि, इनमें नए वार्ड 32 ही हैं, जबकि बाकी नए आठ वार्ड पुराने वार्डों के परीसीमन से बने हैं। इन आठ पुराने वार्डों में एलईडी लाइटें लग चुकी हैं। अब बारी केवल 32 वार्डों की है।