Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 19 Mar 2023 7:13 pm IST

राजनीति

कश्‍मीर में दिए बयान पर राहुल गांधी ने पुलिस को चार पेज में दिया जवाब, फिर कांग्रेस ने किया ये ट्वीट


नई दिल्‍ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दुष्‍कर्म पीड़ितों पर दिए बयान को लेकर दिल्ली पुलिस की नोटिस पर मेल के माध्‍यम से 10 पॉइंट में चार पेज का जवाब दिया है। उन्‍होंने पूछा कि क्या यह मेरी ओर से अडाणी पर दिए गए बयान की वजह से हो रहा है? मैंने 45 दिन पहले बयान दिया था, जिस पर अब अचानक नोटिस देने की क्या जरूरत पड़ गई? देश में अभी भी महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न हो रहा है।

राहुल गांधी ने इस नोटिस पर विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए 8-10 दिन का समय मांगा है। वहीं, कांग्रेस ने ट्विटर पर लिखा, 'सावरकर समझा क्या... नाम- राहुल गांधी है।' कांग्रेस के इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, 'कृपया महान आत्मा वीर सावरकर का अपमान न करें। हाथ जोड़कर विनती कर रहा हूं।'



राहुल गांधी के घर पहुंची दिल्‍ली पुलिस

उधर, कांग्रेस नेता की ओर से दिए गए शुरुआती जवाब पर दिल्ली पुलिस ने रिप्लाई दिया है। पुलिस ने कहा कि राहुल गांधी की ओर से दिए गए जवाब में कोई जानकारी नहीं दी गई है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा सके। ज्ञात हो कि रविवार को दिल्ली पुलिस राहुल गांधी के घर पहुंची। करीब दो घंटे बाद राहुल स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) सागर प्रीत हुड्डा से मिले। उन्‍होंने बताया कि हमने राहुल गांधी से उनके बयान के संबंध में जानकारी मांगी है। राहुल ने कुछ वक्त मांगा है और कहा है कि वो जानकारी देंगे।