Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 19 Jan 2022 2:25 pm IST

अपराध

59 लाख रुपये के गबन का आरोपित हरिद्वार से गिरफ्तार


विकासनगर: त्यूणी पुलिस ने सहकारी समिति त्यूणी में वित्तीय अनियमितता कर 59 लाख 26 हजार 325 रुपये का गबन करने वाले सेवानिवृत्त सचिव को हरिद्वार से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आनंद सिंह (सहायक विकास अधिकारी सहकारी विकासखंड सहसपुर) ने थाना त्यूणी पर लिखित तहरीर दी थी। उसमें उन्‍होंने बताया था कि बहुउद्देश्यीय दीर्घाकार सहकारी समिति त्यूणी में सेवानिवृत्त सचिव सत्यप्रकाश ने वर्ष 2013 से 2019 तक अपने कार्यकाल में वित्तीय अनियमितता करते हुए समिति त्यूणी में लाखों रुपयों का गबन किया। बीते साल 20 नवंबर को उपरोक्त तहरीर के आधार थाना त्यूणी में आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट ने मामले की विवेचना प्रारंभ की, पाया कि त्यूणी समिति में सचिव रहते हुए वर्ष 2013 से वर्ष 2019 तक कुल 59 लाख 26 हजार 325 रुपये का गबन किया। पुलिस टीम ने मंगलवार को आरोपित सत्यप्रकाश पुत्र स्व प्रेमचंद को उसके निवास स्थान सैनिक कालोनी गंगनहर हरिद्वार से गिरफ्तार किया। आरोपित को विकासनगर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।