पुरोला के चक चंदेली गांव में ध्याणियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर ध्याणियों ने आपसी चंदे से एकत्रित धनराशि से अपने इष्टदेव शिकारू नाग को स्वर्ण माला और भैरवनाथ को चांदी का छत्र भेंट किया। इस दौरान ध्याणियों ने अपने मायके और ससुराल पक्ष सहित क्षेत्र की सुख-समृद्धि को मन्नतें मांगी। चक चंदेली गांव में सोमवार को आयोजित ध्याणी सम्मान समारोह में गांव की लगभग 120 विवाहित लड़कियों (ध्याणियों) ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर उन्होंने श्रद्धानुसार धनराशि एकत्रित कर अपने इष्टदेव शिकारू नाग देवता और भैरव नाथ के लिए स्वर्ण माला और चांदी का छत्र बनवाकर भेंट किया। कार्यक्रम से पूर्व ध्याणियों ने ईष्ट देवता के साथ 30 किलोमीटर गंगनानी तक यात्रा कर देवता को स्नान करवा कर अपने मायके चक चंदेली गांव में उत्सव मनाया। जहां ध्याणियों ने देव डोली के साथ पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर पूरी रात रासौ, तांदी नृत्य किया। इस मौके पर ग्रामीणों ने ध्याणियों को स्मृति चिन्ह, मिष्ठान तथा पारंपरिक पकवान अरसे भेंट कर विदा किया। वहीं दूसरी ओर कुमोला पुजेली में आयोजित ध्याणी मिलन उत्सव में पुजेली गांव की ध्याणियों ने इष्टदेव ओडारू-जखण्डी को आभूषण भेंट कर उत्सव मनाया। देव उत्सव कार्यक्रम में रविन्द्र सजवाण, पवन सजवाण, देवेंद्र सजवाण, मनवीर सजवाण, बृजमोहन सजवाण, नितिन असवाल सहित गांव की सभी ध्याणियां उपस्थित रहे।