भारत के जाने-माने उद्योगपति रतन टाटा अपनी सादगी के लिए जाने जाते हैं। दुनिया में यदि विनम्र व्यवसायियों की गिनती होती है तो उन्हें पहले स्थान पर रखा जाता है। इसी क्रम में एक ताजा वाकया सामने आया है जहां उनकी सादगी ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया है और लोग उन्हें 'लीजेंड' कह रहे हैं। आइए बताते हैं आखिर रतन टाटा एक बार फिर से क्यों सुर्खियों मे हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन रतन टाटा बिना सुरक्षा गार्ड के नैनो कार में मुंबई के ताज होटल में पहुंचते नजर आ रहे हैं। रतन टाटा चाहते तो किसी भी लग्जरी कार का खर्च उठा सकते थे लेकिन उन्होंने ₹1 लाख की कार में यात्रा करना चुना, जिसे उनकी कंपनी ने 2008 में आम भारतीय नागरिकों के कार रखने के सपनों को पूरा करने के लिए डिजाइन किया था।