Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 25 Nov 2022 2:00 pm IST


सलमान जैसी बॉडी की चाहत में युवक ने लगवा लिया घोड़े वाला इंजेक्शन, जानिए पूरा मामला


इंदौर: सिक्स पैक एब्स के लिए आज के युवा अपनी जिंदगी को खतरे में डालने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। आलम यह है कि बिना डॉक्टर की सलाह  लिए ही युवा दवाई और सप्लीमेंट ले रहे हैं। ऐसा ही एक मामला इंदौर के विजय नगर में सामने आया है। छोड़ा बांगड़दा निवासी जय सिंह ने सलमान खान जैसी बॉडी बनाने की चाहत में घोड़े को लगने वाले इंजेक्शन लगवा लिए। एक दुकान संचालक ने उससे कहा था कि प्रोटीन पाउडर के साथ ही यह इंजेक्शन उसकी बॉडी में बदलाव ला सकता है। इंजेक्शन लगवाते ही युवक की तबियत बिगड़ गई। शरीर में दर्द होने लगा। लीवर में सूजन आ गई। बाद में उसे पता चला कि जो इंजेक्शन उसने लगवाया है, वह घोड़ो को लगाया जाता है। इस मामले में युवक ने विजय नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। दुकान संचालक मोहित आहूजा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट लिखाई है। जय सिंह का कहना है कि दुकान संचालक मोहित आहूजा ने दावा किया था कि प्रोटीन पाउडर और इंजेक्शन लगाने के बाद शरीर में चेंज होने लगेगा। दो महीने बाद यह अंतर दिखने लगेगा। पहला डोज लगाने के बाद ही उसकी तबियत बिगड़ गई। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि दुकान संचालक अब तक कितने लोगों को यह इंजेक्शन लगवा चुका है। इसके आधार पर उसके खिलाफ केस दर्ज होगा।