Read in App

Rajesh Sharma
• Sat, 27 Nov 2021 7:30 pm IST


कांग्रेस नेताओं ने एएनएम के धरने को दिया समर्थन



हरिद्वार। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में चल रहे एएनएम कर्मचारियों के धरने को समर्थन देते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तत्काल सेवा में बहाल किए जाने की मांग की। शनिवार को सीएमओ कार्यालय परिसर में चल रहे एएनएम के धरने पर पहुंचे महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान दिन रात जनता की सेवा करने वाली एएनएम कर्मचारियों को सम्मान देने के बजाए उन्हें नौकरी से हटा दिया गया। जो कि कर्मचारियों के साथ अन्याय है। बेरोजगार हुए कर्मचारियों को भारी भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार व स्वास्थ्य विभाग तत्काल हटाए गए सभी कर्मचारियों को सेवा में बहाल करे। ज्वालापुर नगर अध्यक्ष यशवन्त सैनी व प्रदेश सचिव अनिल भास्कर ने कहा कि बेरोजगारी चरम पर है। बहन बेटियों के लिए घर चलाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे कठिन समय मे कर्मचारियों को सेवा से हटाना बहुत ही दुखद हैं। कांग्रेस प्रदेश सचिव महेश प्रताप राणा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी रोजगार के प्रति जागरूक है। हम चाहते हैं कि हर हाथ को रोजगार मिले। हर महिला को सम्मान मिले, रोजगार मिले। तभी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सार्थक होगा। सुभाष नगर अध्यक्ष कैलाश प्रधान व अशोक उपाध्याय ने कहा कि जब तक हटायी गयी सभी कर्मचारियों को वापिस काम पर नही लिया जाता तब तक कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से उनके आंदोलन में सहयोग करती रहेगी। धरने को समर्थन देने के पश्चात कांग्रेस नेताओं ने अपर मुख्यचिकित्साधिकारी से मुलाकात कर हटायी गयी सभी कर्मचारियों को नौकरी पर बहाल करने की मांग की। धरना देने वालो में मनीषा, प्रतिभा सैनी, अरूणा, नीलम पाल ,हीना, इनायत, प्रियंका ,शालू सैनी, आदि उपस्थित रहे।