आईएसबीटी के पास वाले फ्लोओवर के नीचे वाला सीवर का चेंबर कई साल से नासूर बना हुआ है। इसका समाधान जलसंस्थान ढूंढ नहीं पा रहा है। ऐसे में अक्सर चेंबर की गंदगी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहती रहती है। सड़क खराब होने के कारण यहां पर अक्सर हादसे भी होते हैं।
वर्ष 2015-16 में एडीबी ने आईएसबीटी क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाई थी। सीवर लाइन डालते समय आईएसबीटी फ्लाईओवर के नीचे सीवर का चेंबर बनाया गया। यहां पर दो चेंबर बनने थे, लेकिन फ्लाईओवर बनने के कारण एक ही चेंबर बन पाया। जो चेंबर बनाया भी है, उसमें निर्माण के समय ही खराबी आ गई। एडीबी लाइन बिछाकर चला गया, लेकिन यह चेंबर लोगों के लिए नासूर बन गया। इस चेंबर से गंदगी अक्सर ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहती रहती है। जल संस्थान के अनुसार इसे ठीक करने की कई बार कोशिश की गई, लेकिन इसमें पानी कहां से घुसता है, इसका पता नहीं चल पा रहा है। खासकर बरसात में यह ओवरफ्लो होने लगता है। लगातार ओवरफ्लो रहने के कारण सड़क खराब हो जाती है।