Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 21 Aug 2023 4:43 pm IST


सड़क बंद होने से मुनस्यारी में गहराने लगा खाद्यान्न संकट


मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। पर्यटन नगरी से करीब 20 किमी पहले बनिक के पास सड़क आफत बन गई है। पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे से यातायात अवरुद्ध हो रहा है। इसके चलते खाद्यान्न के वाहन यहां नहीं पहुंच पा रहे हैं जिस कारण खाद्यान्न संकट गहराने लगा है। क्षेत्र में लोगों को टमाटर देखने को भी नहीं मिल रहा है। यदि अगले दो-तीन दिन सड़क की यही स्थिति रही तो क्षेत्र में जरूरी सामग्री की किल्लत हो सकती है।पांच दिनों से बंद थल-मुनस्यारी सड़क पर शुक्रवार और शनिवार को भारी वाहनों को जेसीबी से धक्का देकर निकाला गया। सड़क की हालत इतनी दयनीय है कि धक्का देने से वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि कई बार तो शाम पांच बजे के बाद बीआरओ कर्मियों से गुहार लगानी पड़ती है। इसके बाद भी सड़क नहीं खुल पाती है।वाहन चालकों और लोगों का कहना है कि बीआरओ को भूस्खलन वाली जगह पर अधिक संख्या में श्रमिक और मशीन लगानी चाहिए। बता दें कि बनिक के पास 300 मीटर क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है। इससे बड़े वाहन मुनस्यारी नहीं पहुंच पा रहे हैं। यदि शीघ्र सड़क नहीं खोली गई तो क्षेत्र में सब्जी और खाद्यान्न का संकट गहरा सकता है। जोहार वैली ट्रांसपोर्ट के चालक हयात सिंह राणा समेत अन्य लोगों ने सड़क पर यातायात को शीघ्र सुचारू करने की मांग की है।