रानीखेत (अल्मोड़ा)। काकड़ीघाट क्षेत्र में अब महिलाएं नशे पर लगाम लगाएंगी। क्षेत्र की महिलाओं ने जन जागृति संवाद कार्यक्रम में भाग लेकर यह संकल्प लिया। महिलाओं ने कहा कि वे एकजुट होकर नशे का सामान बेचने और इसका उपयोग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाएंगी।रविवार को लोक शक्ति मंच की तरफ से रामलीला मैदान काकड़ीघाट में जन जागृति संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें गडस्यारी, सूरी, बेड़गांव, सड़का, हरडे़, सुनियाकोट, काकड़ीघाट, नौगांव, जौरासी सहित आसपास के गांवों की महिलाओं ने भाग लिया। ग्राम विकास अधिकारी दया शंकर ने महिलाओं को कई योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम संयोजक पुष्पा पांडे ने कहा कि आज के दौर में नशा घरेलू हिंसा का बड़ा कारण बन रहा है। उन्होंने महिलाओं से नशे के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। महिलाओं ने कहा कि अब वह क्षेत्र में नशे के सामान की बिक्री नहीं होने देंगी। शराब बेचने और पीने वालों को वह सबक सिखाएंगी। इस दौरान उन्होंने जंगलों की सुरक्षा के साथ ही स्वरोजगार शुरू करने का संकल्प लिया। यहां नीमा नेगी, खष्टी देवी, हंसी बिष्ट, दीपा रावत, कविता रावत, चंपा बिष्ट, हेमा बिष्ट, उमा बिष्ट, गुड्डी रावत, मुन्नी देवी, राधा तिवाड़ी, सरस्वती देवी, अनिता कनवाल सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।