Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 7 Oct 2022 1:00 pm IST

राजनीति

भारत जोड़ो यात्रा: राहुल-सिद्धारमैया ने लगाई दौड़, बघेल बोले- तैयारी करके जाना पड़ेगा


नई दिल्‍ली: इन दिनों कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक में है। इस यात्रा में गुरुवार को कर्नाटक के पूर्व मुख्‍यमंत्री सिद्धारमैया शामिल हुए। वे राहुल गांधी के ठीक बगल में चल रहे थे कि अचानक राहुल ने उनका हाथ पकड़ा और भागना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है।

इस वीडियो में देखा जा सकता है कि सिद्धारमैया आते हैं तो राहुल गांधी उनका हाथ पकड़कर दौड़ने का इशारा करते हैं। फिर पूर्व सीएम मुस्कुराते हुए राहुल गांधी के साथ कदम बढ़ा देते हैं। कांग्रेस की ओर से शेयर किए गए इस वीडियो पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कमेंट किया और कहा कि अब तो तैयारी करके जाना पड़ेगा।

विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही कांग्रेस

कर्नाटक में अगले साल यानी 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस का यहां सीधा मुकाबला भाजपा से है। यही कारण है कि कांग्रेस यहां दोनों दिग्गज नेता सिद्धारमैया और पूर्व कैबिनेट मंत्री डीके शिवकुमार को समान महत्व दे रही है। दोनों नेताओं के बीच कांग्रेस संबंधों को मजबूत कर कार्यकर्ताओं में एकता का संदेश देने का प्रयास कर रही है।

गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर को केरल से शुरू हुई थी और 30 सितंबर को कर्नाटक पहुंची। यात्रा यहां 21 अक्टूबर तक जारी रहेगी। गुरुवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी यात्रा में शामिल हुई थीं। उन्होंने राहुल और कार्यकर्ताओं के साथ पैदल यात्रा भी की।