Read in App


• Tue, 17 Oct 2023 3:00 pm IST


रामा-कमल सिराईं क्षेत्र में अचानक हुई वर्षा से लाल धान की मंडाई में खलल


रवाईं घाटी के रामा-कमल सिराईं क्षेत्र में बीते सोमवार को वर्षा ने काश्तकारों की परेशानी को बढ़ा दिया है। वर्षा से लाल धान की फसल खेतों में खराब होने लगी है। वर्षा के चलते काश्तकारों को धान की मंडाई रोकनी पड़ी। साथ ही धान के कुड़कों को त्रिपाल व बोरियों से ढकना पड़ा है।रवाईं घाटी का रामा व कमल सिराईं, मोरी का गडूगाड़ पट्टी लाल चावल का मुख्य उत्पादक क्षेत्र है। नवरात्र शुरू होने पर धान मंडाई का काम शुरू हो जाता है। रविवार को धान मंडाई की शुरूआत हुई तो गुंदियाटगांव, रामा, पुरोला, खलाड़ी, चपटाडी, पुजेली, आराकोट, महरगांव, ढुंकरा पोरा, सुकडाला, देवरा, खडक्या सेम, मठ, ढकाडा, कुंफारा, रतेडी रामा तथा कमल समेत मोरी गडूगाड़ क्षेत्र के गांव-गांव में बैलों से धान की मंडाई शुरू हुई।