Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 10 Sep 2022 2:00 pm IST

अपराध

शादी के खर्च के लिए मांगा था डेढ़ लाख, और शादी के चार घंटे बाद ही भाग गयी दुल्हन...


राजस्थान के सीकर जिले का एक दूल्हा ठगी का शिकार हो गया। राजस्थान से मध्यप्रदेश के रीवा में शादी करने गए दूल्हे की दुल्हन शादी के महज चार घंटे बाद भाग गई। 

पता चला कि, बिचौलिए ने शादी करवाने के लिए लड़की के परिवार से डेढ़ लाख रुपये लिए थे। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, वर पक्ष को सिर्फ लड़की का नाम और फोन नंबर पता है। शादी किस मंदिर में हुई, उन्हें यह भी नहीं पता। लड़के वालों ने बताया कि, दुल्हन के माता-पिता और पंडित सहित बिचौलिया फरार हैं। सभी के मोबाइल भी बंद हैं।

राजस्थान के सीकर निवासी एक महिला के भाई कैलाश चन्द्र वर्मा की शादी नहीं हो रही थी। छह महीने पहले महिला की दोस्ती रीवा के एक युवक से हुई। युवक जल्द ही उसके घरवालों से घुलमिल गया। लड़के ने महिला के भाई की शादी कराने की बात कही। यहीं से ठगी की साजिश शुरू हो गई। युवक ने महिला को पांच लड़कियों को फोटो दिखाई। जब एक लड़की को महिला ने पसंद कर लिया तो युवक ने कहा कि लड़की गरीब परिवार की है। उसने लड़की का नाम शिवानी बताया। युवक ने महिला को बताया कि इस शादी में डेढ़ लाख रुपए लगेंगे। 

महिला राजी हो गई। परिवार के राजी होने पर सात सितंबर को शादी की तारीख तय की गई। इसी बीच बिचौलिए ने कहा कि लड़की के परिवार वाले शादी के खिलाफ हैं। ऐसे में शादी मंदिर में करवा दी जाए। उसके बाद बिचौलिए ने डेढ़ लाख रुपये लिए। उसके बाद लड़की के घरवाले भी तैयार हो गए। 

लड़की के माता-पिता पंडित की मौजूदगी में शादी हुई। शाम को एक ही ऑटो में दूल्हा, दुल्हन, दूल्हे का जीजा और दीदी अपने साथ दुल्हन की मां को लेकर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुए। दुल्हन की मां बस स्टैंड पर उतर गई। इसके बाद दुल्हन रेलवे स्टेशन से भाग गई।