केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बड़ा दावा करते हुए अगले सात सालों में भारत को देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बनाने की बात कही।
केंद्र में भाजपा के नौ साल पूरे होने के अवसर पर पार्टी पूरे देश में संवाददाता सम्मेलन कर अपनी उपलब्धियों की जानकारी दे रही थी। इस दौरान सिंधिया ने कहा कि, हम 11वें स्थान से ऊपर उठते हुए पांचवें नंबर पर आ चुके हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास का यह क्रम जारी रहेगा और जल्द ही हम बड़ी उपलब्धि हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि, 2947 तक देश विश्व गुरू बनकर उभरेगा।
सिंधिया ने कहा कि जो देश एक वैक्सीन के लिए दुनिया के दूसरे देशों पर निर्भर रहता था, कोरोना काल में दुनिया ने देखा कि भारत दुनिया में न केवल सबसे पहले वैक्सीन बनाने वाला देश बना, बल्कि अपने नागरिकों को 220 करोड़ मुफ्त वैक्सीन लगाने वाला और लगभग सौ देशों को वैक्सीन का निर्यात करने वाला देश भी बना।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश केवल आर्थिक क्षेत्र में ही प्रगति नहीं कर रहा है, बल्कि उसकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उन्नति भी हो रही है। अयोध्या, काशी, उज्जैन से लेकर अलग-अलग धार्मिक क्षेत्रों का विकास कर देश की आर्थिक स्थिति का विकास किया जा रहा है।