रुद्रप्रयाग-वीरान पड़े बर्सू गांव में काश्तकार विजय सेमवाल सब्जी उत्पादन कर मिसाल पेश कर रहे हैं। इस वर्ष वह दो नाली भूमि पर लहसुन का उत्पादन कर करीब 15 दिनों में 20 क्विंटल लहसुन बेचकर डेढ़ लाख की कमाई कर चुके हैं। जबकि वह कुल 30 नाली भूमि पर उत्पादन कर खेतों में अन्य सब्जियां भी उगा रहे हैं। बर्सू गांव में काश्तकार विजय सेमवाल लगभग छह वर्ष से 30 नाली भूमि पर सब्जी और दालों का उत्पादन करते आ रहे हैं। इस वर्ष उन्होंने पांच नाली भूमि पर प्याज व दो नाली भूमि पर लहसुन बोई थी। बीते 15 दिनों में वे 20 क्विंटल लहसुन की बिक्री कर 1 लाख 60 हजार रुपये की आमदनी कर चुके हैं। इन दिनों खेतों में पत्ता गोभी, शिमला मिर्च और बिन्स हो रही है। उनकी सब्जियां खेतों में ही बिक जा रही हैं। प्रतिदिन 10 से 15 किलो बिन्स की बिक्री हो रही है। प्याज की फसल भी लगभग तैयार होने वाली है। सेमवाल ने बताया कि रुद्रप्रयाग नगर सहित आसपास के गांवों से यहां प्रतिदिन कई लोग लहसुन व सब्जी खरीद के लिए आ रहे हैं। खेती करने में दो और लोग उनके साथ जुटे हुए हैं।