ओडिशा के गंजम जिले में 50 साल की महिला की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में कुल 33 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
ओड़िशा की गंजम पुलिस ने बताया कि, कबीसूर्या नगर थाना क्षेत्र के मधुरचुआ गांव निवासी महिला के पति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि, उन्हें 'प्रताड़ित' किया जा रहा है। गांव के एक व्यक्ति बुटू नायक के खिलाफ अपशब्द कहने और हमला करने के आरोप में युधिष्ठिर नायक की शिकायत दर्ज कराने से गुस्साए ग्रामीणों ने उसके घर पर हमला कर दिया था।
वहीं हमले के दौरान युधिष्ठिर और उनका बेटा घर से भाग गए जबकि पत्नी झुनू नहीं भाग पाई। जब युधिष्ठिर पुलिस के साथ घर लौटे तो उन्हें उनकी पत्नी का शव मिला। यहां तक कि, भीड़ ने युधिष्ठिर को पुलिस शिकायत दर्ज करने से नहीं रोकने के लिए दो अन्य ग्रामीणों, महिराजू नायक और विष्णु नायक पर भी हमला किया, पुलिस ने उन्हें छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने बताया कि, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुरुषोत्तमपुर के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी रजनीकांत सामल ने कहा कि, गांव में सशस्त्र बलों को तैनात किया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि 20 महिलाओं समेत 33 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।