बागेश्वर : बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के बॉर्डर पर स्थित सिमगड़ी गांव की महिलाओं के लिए चाय बागान रोजगार का साधन बनते जा रहा है। यहां की 32 महिलाएं इस बागान से आत्मनिर्भर बन गई हैं। उन्हें हर महीने 18 से 20 दिन काम मिलता है, लेकिन बारिश के तीन महीनों में 28 दिन का काम मिल जाता है। उन्हें 316 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से पारिश्रमिक भी मिलता है। सुबह और शाम महिलाएं अपनी खेती-बाड़ी आदि करतीं हैं। अलबत्ता उनकी आय बढ़ रही है और अन्य गांवों की महिलाएं भी प्रेरित हो रही हैं।