उत्तरकाशी : प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के निर्देश पर व्यापक मंडल की पुरोला इकाई ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर शुरू किए गये सर्वे के विरोध में गुरुवार को मुख्य बाजार तिराहे पर जीएसटी विभाग के खिलाफ जुलूस प्रदर्शन कर पुतला फूंका। व्यापारियों ने सरकार से व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर शुरू किये गए सर्वे को उत्पीड़न करार देते हुए सर्वे बंद करने की मांग की।प्रदर्शनकारियों में शामिल व्यापार मंडल अध्यक्ष बृजमोहन चौहान ने कहा कि जीएसटी संग्रह बढ़ाने के नाम पर किए जा रहे व्यापारियों का उत्पीड़न बंद किया जाए। कहा कि व्यापारी समाज हर कदम पर सरकार का साथ देते हैं, लेकिन आए दिन टैक्स संग्रह बढ़ाने के नाम पर व्यापारियों को परेशान किया जाना व्यापारियों का मानसिक व आर्थिक उत्पीड़न है। विभाग के पास सभी व्यापारियों का लेखा जोखा जमा होता है टैक्स में हेराफेरी करने वालों को विभाग कार्यालय से नोटिस जारी न करके जीएसटी विभाग दुकानों में जाकर व्यापारियों को उत्पीड़न कर रहे हैं। जिसका संगठन पुरजोर विरोध करता है। इससे पहले व्यापारियों ने मुख्य बाजार में जुलूस प्रदर्शन कर नारेबाजी की व मुख्य बाजार तिराहे पर जीएसटी विभाग का पुतला दहन किया।