Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 24 Feb 2022 3:32 pm IST


कार्यदायी संस्था पेयजल निगम पर मनमानी का आरोप


कर्णप्रयाग: आदिबदरी में पर्यटकों के लिए बनने वाले पार्किग स्थल के लिए बगड़ खेल मैदान की दीवार तोड़ने और वहां पर पूर्व सर्वे के अनुसार कार्य न करने पर क्षेत्रीय जनता में नाराजगी है। स्थानीय निवासियों ने कार्यदायी संस्था पेयजल निगम पर मनमानी करने का आरोप लगाया। कहा कि अपने ही निर्माण को ध्वस्त कर पूर्व में हुए सर्वे पर कार्य नहीं करना विभागीय कार्यशैली पर सवाल उठा रहा है।

आदिबदरी में पीपलचट्टी और आदिबदरी बाजार के समीप वाहनों के जाम को देखते हुए 1.25 लाख की लागत से राज्य सरकार की ओर से पार्किग स्थल को स्वीकृति मिली थी। पूर्व सर्वे में खेल मैदान से हटकर बगड़ में राजमार्ग के समानांतरण सीमेंट के पिल्लर पर इसे बनाया जाना प्रस्तावित था। लेकिन भूधंसाव की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने एतराज जताया। लेकिन कार्यदायी संस्था ने विरोध के बाद भूधंसाव वाले स्थल पर निर्माण शुरू किया, जिससे कुछ ही दिनों में सीमेंट के पिल्लर तिरछे हो गए। भूमि चयन सही न होने पर विभाग ने मैदान में मिट्टी हटाकर कालम व आरसीसी बुनियाद का काम शुरू किया, लेकिन उसको भी बाद में उखाड़ दिया गया। अब खेल मैदान की दीवार को तोड़ने के बाद पार्किग स्थल के लिए एप्रोच मार्ग तैयार किया जा रहा है, जिसका क्षेत्रीय जनता विरोध कर रही है। जबकि विभाग नया नक्शा तैयार कर निर्माण को उचित बता रहा है।