Read in App

Rajesh Sharma
• Fri, 12 Nov 2021 8:56 am IST


किसानों और मजदूरों को समर्पित है उत्तराखंड सरकार... धामी


 हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उनकी सरकार किसान,मजदूर को समर्पित सरकार है। बुग्गावाला क्षेत्र के मानूबास गांव में आयोजित किसान मेले को सबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दो डिग्री कालेज, इंटर कालेज, पुल, अस्पताल समेत कई घोषणाएं की। इसके अलावा बुग्गावाला को विकासखंड बनाने का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजे जाने का एलान किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए। गुरुवार को ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के मानूबास गांव में आयोजित किसान मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य विकास की ओर से तेजी से बढ़ रहा है। वर्ष 2025 में राज्य गठन को पूरे 25 साल हो जाएंगे। तब तक राज्य को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाना है। विकास के क्षेत्र में प्रदेश को पूरी तरह से विकसित कर अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा करना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सरकार किसान, मजदूर को समर्पित सरकार है। किसानों की बेहतरी के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक विकास कार्य हुए है। 43 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास कर दिया गया है। जल्द ही यह कार्य भी पूरे हो जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एलान किया कि वन ग्राम हरिपुर टोगिया को राजस्व गांव बनाया जाएगा। बुग्गावाला एवं हद्दीवाला में डिग्री कालेज, मानूबास गांव में स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा लालवाला में नदी पर पुल बनाने के साथ ही कई अन्य घोषणाएं भी की। किसान मेले के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कृषक रमेश चंद्र, जाहिद हसन, चरनजीत शर्मा एवं बालेश को किसान भूषण से सम्मानित किया। सभी को पच्चीस हजार रुपये की धनराशि के चेक दिए गए। इसके अलावा छह प्रगतिशील किसानों को भी सम्मानित किया गया। वहीं समाज कल्याण, उद्योग विभाग, युवक मंगल दल, स्वामित्व योजना के लाभार्थी, स्वयं सहायता समूह को भी सम्मानित किया गया। किसान मेले में विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल लगाए गए थे। यहां पर किसानों को खाद, बीज, कृषि उपकरण, जैविक उत्पाद आदि के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों की बेहतरी के लिए लगातार कार्य कर रही है। कुछ संगठन सरकार को बदनाम करना चाहते हैं। किसान आंदोलन के नाम पर अराजकता पैदा करना चाहते हैं जोकि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि जिले की चीनी मिलें चालू हो गई है। जल्द ही सरकार गन्ने के दाम भी तय कर देगी। ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में किसान आयोग के अध्यक्ष राकेश राजपूत, विधायक प्रदीप बत्रा, संजय गुप्ता, लक्सर नगर पालिका चेयरमैन अम्बरीश गर्ग, जिलाध्यक्ष डा. जयपाल सिंह, डा. कल्पना सैनी, मुनीश सैनी, श्यामवीर सैनी आदि मौजूद रहे।