Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 20 Feb 2023 1:30 am IST

मनोरंजन

'ताज: डिवाइडेड बाय ब्लड' का ट्रेलर रिलीज, तीन मार्च को जी5 पर होगी स्ट्रीम


जी5 की वेबसीरीज ताज: डिवाइडेड बाय ब्लड के अनाउंसमेंट के बाद से लोग इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब ओटीटी ने इस सीरीज का ट्रेलर भी जारी कर दिया है। बड़ी स्टार कास्ट और बजट के साथ ये भव्य सीरीज अगले महीने स्ट्रीम होगी। इस सीरीज में नसीरुद्दीन शाह, अदिति राव हैदरी, असीम गुलाटी, राहुल बोस, संध्या मृदुल, ताहा शाह, शुभम मेहरा, जरीना वहाब, शिवानी तंसकाले, सुबोध भावे और अयम मेहता जैसे दिग्गज कलाकार अभिनय करते नजर आएंगे। ताजः डिवाइडेड बाय ब्लड तीन मार्च को रिलीज होगी।
इस बेव सीरीज की कहानी अकबर के जमाने से शुरू होती है। ट्रेलर देखने पर पता चल रहा कि अब अकबर की उम्र हो चली है और वह अपने उत्तराधिकारी की तलाश में है। सीरीज में अकबर का रोल नसीरूद्दीन शाह निभा रहे हैं। अकबर अपने बेटों को साफ कह देता है कि वह सबसे बड़े बेटे को सिंहासन पर बैठाने की परंपरा का पालन नहीं करेगा बल्कि वह एक योग्य उम्मीदवार की तलाश में है, जो कुशलतापूर्वक शासन राज्य को चला सके। अकबर के इस ऐलान के बाद  राजकुमारों के बीच युद्ध शुरू हो जाता है। सभी अपने भाई-बहनों को मारकर राजगद्दी पर बैठना चाहते हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी हैं, जो अपनी ऐशो-आराम की जिंदगी में खुश हैं।
ट्रेलर से पता चल रहा है कि इस सीरीज में कुछ बोल्ड सीन भी हैं। इसमें राजकुमार समलैंगिक संबंध में भी लिप्त दिखाए गए हैं। दर्शक इससे गेम ऑफ थ्रोन्स जैसी उम्मीद कर रहे हैं। बता दें कि 'ताजः डिवाइडेड बाय ब्लड' उन दर्शकों को आकर्षित कर रहा है, जो भारत में मुगल सल्तन की कहानी की अंदरूनी साजिशों की कहानी देखना चाहते हैं। दिलचस्प बात यह है कि बीते जमाने के बॉलीवुड स्टार धर्मेंद्र भी इस सीरीज के साथ ओटीटी पर डेब्यू कर रहे हैं। इस सीरीज में उन्होंने  शेख सलीम चिश्ती का किरदार निभाया है।