Read in App


• Wed, 21 Apr 2021 5:06 pm IST


एक ही दिन में गिरा छह डिग्री तापमान


हरिद्वार- तेज हवाओं और बूंदाबांदी से एक ही दिन में अधिकतम और न्यूनतम तापमान गिर गया। अधिकतम पारा छह डिग्री तो न्यूनतम सात डिग्री लुढ़का है। उधर, आसमान में छाए बादलों के गेहूं की फसल पर खतरा मंडराने से किसानों की चिंता भी बढ़ी हुई है। हालांकि, बादलों और बूंदाबांदी से मौसम खुशगवार बना रहने से लोगों ने राहत की सांस ली। कई दिनों से मौसम हर दिन अपने कई रंग बदल रहा है। कभी मौसम बदलने से तेज हवाएं चल रही हैं तो कभी आसमान में बादल छा जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद गर्मी का पारा कम होने का नाम नहीं ले रहा था। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 22.2 डिग्री के आसपास चल रहा था, लेकिन मंगलवार को दिनभर चली हवाएं और बादलों की आंख मिचौली के चलते तापमान गिरना शुरू हो गया। शाम के समय बूंदाबांदी होने से गर्मी का एहसास लोगों को कम होने लगा। रितु आलोक शाला बहादराबाद के शोध पर्यवेक्षक नरेंद्र रावत ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आने वाले पांच दिनों में भी मौसम के ऐसा ही बना रहने का अनुमान जताया जा रहा है। इसमें हल्की बारिश और तेज हवाएं चलती रहेंगी। उधर, आसमान में छाए बादलों से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंची हुई हैं। मुख्य कृषि अधिकारी डा. वीकेएस यादव का कहना है कि अभी किसान गेहूं की फसल की कटाई करने में लगे हुए हैं। अगर तेज बारिश के चलते हवाएं चलती हैं तो किसानों की गेहूं की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।