लोकसभा चुनाव में तीन को उत्तराखंड भाजपा संगठन ने कारगर प्लान बनाया है। आगामी चुनावों में कांग्रेस सहित अन्य राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों को मात देने के लिए बीजेपी अभी से जुट गई है। कमजोर बूथों पर फोकस करते हुए जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं सहित सांसदों की भूमिका पर भी रणनीति बनाई गई है।
उत्तराखंड की सभी विधानसभा सीटों के 25-25 बूथों पर भाजपा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी। लोकसभा सांसदों के नेतृत्व में संचालित होने वाले इस अभियान की शुरुआत 15 मई से होगी। दरअसल भाजपा आम चुनाव से पहले ऐसे बूथों पर फोकस कर रही है, जिन पर विधानसभा चुनाव के दौरान उसका वोट प्रतिशत कम रहा था।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सोमवार को इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों के क्रम में यह जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। जनसंवाद 15 मई से 16 जून के बीच होंगे। इसके तहत हर विस के सबसे कमजोर 25 बूथों पर क्षेत्रीय लोकसभा सांसद आमजन से संवाद करेंगे।