Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 12 Apr 2023 4:04 pm IST


Startup: 3 साल पहले कीर्ति और नीतू ने एक कमरे से शुरू किया बिजनेस, अब 565 करोड़ है सलाना टर्नओवर


  साढ़े तीन साल पहले बेंगलुरु के एक कमरे से  शुरू किया गया ऑनलाइन पशु खरीदने-बेचने का स्‍टार्टअप 'एनिमल' अब काफी वृहद रूप ले चुका है। इस स्टार्टअप की सालाना आय अब 565 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई है। करीब साढ़े तीन साल पहले लॉन्‍च हुए इस एनिमल ऐप के जरिये अब तक देश भर में 4,000 करोड़ रुपये में लगभग  8.5 लाख पशु बेचे जा चुके हैं। एक हेकाथॉन में भाग लेने के लिए बनाया गया यह प्रोजेक्‍ट इतना ज्यादा सफल होगा, इसकी कल्‍पना शायद इसे बनाने वालों ने भी कभी नहीं की थी।
आज हम आपको इस ख़ास ऐप के बारे में बताएंगे। साथ ही ये भी बताएंगे की इसकी शुरुआत क्यों और किसने की थी। दरअसल,  गाय-भैंसों की ऑनलाइन बिक्री  करने वाले देश के इस नंबर वन ऐप का आइडिया आईआईटी दिल्‍ली में पढ़ी दो लड़कियों के दिमाग में आया था। 'एनिमल' ऐप की शुरुआत अनुराग बिसोय, कीर्ति जांगड़ा, लिबिन वी बाबू और नीतू यादव ने की थी, लेकिन, असल में यह आइडिया सबसे पहले आईआईटी दिल्ली की छात्रा नीतू यादव और कीर्ति जांगड़ा के दिमाग में आया था। ये दोनों ही लड़कियां  हॉस्टल में एक ही कमरे में साथ रहती थीं और दोनों  की इच्छा कुछ अलग करने की थी।
एनिमल को स्‍टोरी टेलिंग प्‍लेटफॉर्म प्रतिलिपि द्वारा आयोजित एक हैकाथॉन के लिए नीतू यादव और कीर्ति जांगड़ा ने बनाया था जिसमें एनिमल ने ज्‍यूरी और ऑडियंस अवार्ड पर कब्जा जमाया था। बता दें कि अगस्‍त 2019 में कई डेयरी किसानों से बातचीत करने के बाद दोनों लड़कियों ने 'एनिमल' पर एक वीकेंड प्रोजेक्‍ट के तौर परकाम करना शुरू किया था लेकिन पशुपालकों की तरफ से इसे जबरदस्‍त रिस्‍पॉन्‍स मिला। ऐसे में इसे नवंबर 2019 में फुल स्‍केल पर लॉन्‍च कर‍ दिया गया। 'एनिमल' को शुरू करने में नीतू यादव और कीर्ति जांगड़ा के साथ अनुराग बिसोय व लिबिन वी बाबू  ने हाथ मिला लिया। 'एनिमल' की वेबसाइट के मुताबिक, एनिमल को सिकोइया, नेक्‍सस,एसआईजी, ओमनिवोर, बीनेक्‍सट और रॉकेटशिप से 150 करोड़ की फंडिंग प्राप्त हुई है। इस ऐप से मौजूदा समय में 80 लाख से ज्यादा किसान जुड़े हुए हैं।
वहीं इसके जरिये अब तक 850,000 पशु बेचे जा चुके हैं, इनकी कीमत करीब 4000 करोड़ रुपये होती है। इस ऐप के माध्यम से महीने में औसतन 350 करोड़ रुपये का कारोबार होता है। शुरू में तो 'एनिमल' को सिर्फ पशुओं को खरीदने-बेचने के एक लिए प्‍लेटफॉर्म के रूप में ही लॉन्‍च किया गया था, लेकिन, बाद में इसके माध्‍यम से डेयरी संचालकों की अन्‍य जरूरतों को भी पूरा करने का काम होने लगा। अब इस ऐप पर पशु चिकित्‍सकों की सेवाएं भी उपलब्‍ध हैं। पशु मालिक ऐप पर अपने पशु की फोटो और डिटेल डालकर बेच सकते हैं। बता दें कि एनिमल भारत में अपनी तरह का एकमात्र मोबाइल ऐप है। यह आपको 100 किलोमीटर के दायरे में पशु विक्रेताओं और खरीदारों की जानकारी  उपलब्ध करता है। आप उनसे आसानी से संपर्क कर सकते हैं और कीमतों पर आमने सामने से भी बातचीत कर सकते हैं।