उत्तरकाशी : जिला मुख्यालय उत्तरकाशी के नजदीक कुटेटी वेद मंदिर में उत्तराखंड का पहला स्वामी वेदानंद वेद विद्यालय खुला। प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से वेद विद्यालय का उदघाटन किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री व बागपत सांसद डा. सत्यपाल सिंह भी मौजूद रहे।गुरूवार को उदघाटन मौके पर पहुंचे शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार की नई शिक्षा नीति में वेद के पाठ्यक्रम को भी शामिल किया गया। सरकारी स्कूलों में भी वेद शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी से वेद शिक्षा के उत्थान की शुरूआत हो चुकी है। निश्चित रूप से आज नहीं तो आने वाले कल में दुनिया इस पुरातन भारतीय विद्या के महत्व को समझेगी, जिसमें पूरा ज्ञान और विज्ञान समाया हुआ है। इसके लिए उन्होंने वेद शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही सत्य फाउंडेशन को भरपूर सहयोग देने की बात कही। सत्य फाउंडेशन की ओर से विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद बागपत सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि गांव-गांव तक वेद शिक्षा का प्रचार प्रसार किया जाएगा।