Read in App


• Tue, 16 Jul 2024 4:15 pm IST

अपराध

काशीपुर : महल सिंह हत्याकांड के अधिवक्ता को मिली जान से मारने की धमकी


ऊधम सिंह नगर : काशीपुर में बहुचर्चित महल सिंह हत्याकांड केस की पैरवी कर रहे अधिवक्ता को अभियुक्तों ने न्यायालय परिसर में जान से मारने की धमकी दी। अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ग्राम जुड़का निवासी अधिवक्ता करमपाल सिंह ने आईटीआई थाना पुलिस में दी तहरीर में बताया कि उसके ग्राम जुड़का निवासी ताऊ महल सिंह की 13 अक्तूबर 2022 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसका वाद न्यायालय में विचाराधीन है। मामले की वह ही पैरवी कर रहे हैं। बताया कि बीती 12 जुलाई को मामले की कोर्ट में तारीख थी। वह न्यायालय के बाहर सीढि़यों के पास खड़ा था। तब कोर्ट की पेशी पर अभियुक्त साधू सिंह ने कहा कि उसकी वजह से ही वह जेल में है। उसने जेल से निकलने पर देख लेने और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी का कहना था कि उसकी प्रभजोत सिंह उर्फ पन्नू व गुरजंट सिंह उर्फ जंटा से उसे मारने की बात हो चुकी है। इस दौरान पन्नू और जंटा भी साधू सिंह से मिलने आए थे। करमपाल सिंह का कहना है कि पन्नू और जंटा के पिता पूर्व में भी उसे धमकी दे चुके हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।