Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 16 Jan 2023 4:54 pm IST

नेशनल

अमीरों के 660 अरब डॉलर से भारत का पूरा बजट 18 महीने तक चलाया जा सकता है, रिपोर्ट में हुआ खुलासा...


दुनिया में अमीरी और गरीबी के फर्क को लेकर अक्सर बोली जाने वाली कहावत सच साबित होती नज़र आ रही है। भारत जैसे विकासशील देश में भी यह अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है। 

ऑक्सफैम की हालिया रिपोर्ट में चौकाने वाले कई खुलासे हुए हैं। इस रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के 21 सबसे अमीर अरबपतियों के पास मौजूदा समय में देश के 70 करोड़ लोगों से ज्यादा दौलत है। एक तरफ मिडिल क्लास 2020 में कोरोना महामारी शुरू होने के बाद से नवंबर 2021 तक नौकरी और सेविंग्स बचाने के लिए जूझता नजर आया तो दूसरी तरफ पिछले साल नवंबर तक भारतीय अरबपतियों की संपत्ति में 121 फीसदी का इजाफा हो गया। 

कोरोना महामारी के इस दौर में भी भारत के अरबपतियों की दौलत में प्रतिदिन 3 हजार 608 करोड़ रुपये हर दिन बढ़े हैं। ऑक्सफैम की यह रिपोर्ट- 'सर्वाइवल ऑफ द रिचेस्ट: द इंडिया स्टोरी' के मुताबिक, भारत में जहां 2020 में अरबपतियों की संख्या 102 थी, वहीं 2022 में यह आंकड़ा 166 पर पहुंच गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की संपत्ति 660 अरब डॉलर (करीब 54 लाख 12 हजार करोड़ रुपये) के पार जा चुकी है। 

विश्लेषकों का कहना है कि, 660 अरब डॉलर से भारत का पूरा बजट 18 महीने तक चलाया जा सकता है। साथ ही अगर भारतीय अरबपतियों की कुल संपत्ति पर सिर्फ दो फीसदी टैक्स ही लगाया जाए तो इससे अगले तीन साल तक कुपोषण का शिकार बच्चों के लिए सभी जरूरतों को पूरा किया जा सकता है। वहीं 2012 से 2021 के बीच भारत में जितनी भी संपत्ति अस्तित्व में आई, उसका 40% देश के सबसे अमीर एक फीसदी के हाथ में गया। वहीं, 50 फीसदी जनता के हाथ में महज तीन फीसदी संपत्ति ही आई है।