Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 20 Jul 2022 12:59 pm IST


लोहाघाट में लड़ीधुरा मंदिर निर्माण की खोदाई में मिलीं प्राचीन शिलाएं


बाराकोट विकास खंड के लड़ीधूरा में मां भगवती मंदिर के नव निर्माण के लिए की जा रही खोदाई में दो दिव्य शिलाएं (पिंडियां) मिली हैं। इन शिलाओं को मंदिर में रखकर लोग पूजा कर रहे हैं। स्थानीय लोग इन्हें 17वीं शताब्दी की बता रहे हैं।

लड़ीधुरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच अध्यक्ष नागेंद्र कुमार जोशी ने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए इन दिनों खोदाई का काम चल रहा है। मंगलवार को तीन घंटे की खोदाई के बाद मुख्य मंदिर के पास चट्टान में स्थित खप्पर के नीचे इन दिव्य शिलाओं को देखा गया। उन्होंने बताया खोदाई में मिले अवशेष को पूजा के लिए मंदिर में रखा गया है। शिलाएं कितनी पुरानी हैं इसका पता पुरातत्व विभाग की जांच के बाद ही चल पाएगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को मंदिर के पुजारी खिलानंद जोशी ने पिंडियों को विधि विधान के साथ गंगाजल और दूध से स्नान कराकर मंदिर में स्थापित कर दिया। उधर, पुरातत्व विभाग इन शिलाओं को देखने के बाद ही कुछ कहने की बात कह रहा है।