पिथौरागढ़- बेड़ीनाग में त्रिपुरा देवी के पास सड़क पर कार पलट गई। हादसे में तीन युवक घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
बेड़ीनाग-राईआगर मोटर मार्ग पर त्रिपुरा देवी के पास एक कार सड़क पर पलट गई। आसपास के लोगों ने घायलों को सीएससी बेड़ीनाग पहुंचाया। राईआगर निवासी वाहन चालक राजेंद्र राम पुत्र दीवानी राम (23 वर्ष) को हल्की चोटें आई, जबकि कार सवार हल्द्वानी निवासी शेखर राम और मुकेश राम को अधिक चोटें आई हैं। शेखर राम की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं अन्य दो घायलों को प्राथमिक उपचार करने के बाद घर भेज दिया गया है। अस्पताल के चिकित्सक संदीप ने बताया कि शेखर राम के सिर पर गहरी चोट आई है। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष सुशील जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार को सड़क से हटाकर किनारे किया।