देहरादून। नए सीएम की ताजपोशी के साथ प्रदेश को दस नए मंत्री भी मिलेंगे। त्रिवेंद्र सरकार और उनकी मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों के इस्तीफे को राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया है। मंगलवार को नए सीएम का नाम तय हो जाएगा। इसके साथ नए मंत्रिमंडल में शपथ लेने के लिए दस नए चेहरों पर भी मुहर लगेगी। नए मंत्रिमंंडल में कुछ चेहरे त्रिवेंद्र मंत्रिमंडल के होंगे, लेकिन कुछ युवा विधायकों को भी मौका मिलेगा। त्रिवेंद्र मंत्रिमंडल में मदन कौशिक का कद बढ़ेगा। अगर सतपाल महाराज मुख्यमंत्री की रेस से बाहर होते हैं, तो उनको भी भारी भरकम महकमे मिलेंगे। हरक सिंह रावत और सुबोध उनियाल मंत्रिमंडल में रह सकते हैं, लेकिन यशपाल आर्य को बाहर किया जा सकता है। इसके अलावा अरविंद पांडे पर भी गाज गिर सकती है। राज्य मंत्रियों में धन सिंह का दर्जा कैबिनेट का हो सकता है, जबकि रेखा आर्य का प्रोफाइल वही रहेगा। नए चेहरों में रेस में सबसे आगे खटीमा विधायक पुष्कर सिंह धामी हैं। धामी को प्रदेश अध्यक्ष की रेस में बताया जा रहा है। धामी के अलावा कुमाऊं से बिशन सिंह चुफाल, राजकुमार ठुकराल और राजेश शुक्ला भी दावेदार हैं। गढ़वाल से महेंद्र भट्ट, मुन्ना सिंह चौहान, गणेश जोशी का नाम है। जबकि हरिद्वार से स्वामी यतिश्वरानंद मंत्रिमंडल में जगह के लिए दावेदार होंगे।