राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने बुधवार को कनखल स्थित जगद्गुरु आश्रम पहुंचकर शारदा पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज के साथ आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने शंकराचार्य का हालचाल पूछा और आश्रम में नवरात्र की पूजा की।
बुधवार दोपहर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य जगद्गुरु आश्रम पहुंचीं। यहां स्थित मंदिर में उन्होंने नवरात्र की विधि विधान से पूजा की। शारदा पीठाधीश्वर स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने नवरात्रों में शक्ति जागरण के संबंध में विस्तार से समझाया। राज्यपाल ने पूजा में विशेष रुचि ली। इसके बाद उन्होंने काफी देर तक देश और अध्यात्म के विषय पर शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम से चर्चा की। उन्होंने शंकराचार्य के स्वास्थ्य के बारे में भी जाना। राज्यपाल के जगद्गुरु आश्रम पहुंचने पर स्वामी भगवताश्रम, ब्रह्मचारी वागीश स्वरूप, डॉ. गौरव मिनोचा, अभिषेक कौशिक, नारायण शास्त्री आदि ने उनका स्वागत किया।